सोमाली लुटेरों का नीदरलैंड के जहाज पर कब्ज़ा
नैरोबी/मोगादिशु, 27 मई (आईएएनएस)। सोमालिया के तट पर समुद्री लुटेरों ने नीदरलैंड के एक जहाज पर कब्जा कर लिया है।
पूर्वी अफ्रीका के जहाज कार्यक्रम के प्रमुख एंड्रयू मवांगरा ने यह जानकारी देते हुए कहा, "रोमानिया जाने वाले इस जहाज पर रूस और फिलीपींस के नाविक हैं। इसे रविवार को अपहृत कर लिया गया था।"
'एम.वी. अमीय स्कैन' नामक यह जहाज नीदरलैंड की कंपनी राइडर शिपिंग का है। कंपनी की ओर से अभी तक अपहरणकर्ताओं से संपर्क साधे जाने संबंधी कोई सूचना नहीं मिली है।
उल्लेखनीय है कि सोमालिया के तट पर लंबे समय से समुद्री जहाजों का अपहरण जारी है। गत वर्ष इस तरह के बीस मामले सामने आए थे। इस वर्ष भी अब तक अपहरण के करीब दस मामले सामने आ चुके हैं।
पिछले सप्ताह ही सोमालिया की राजधानी मोगादिशु के लिए शक्कर ले जा रहे जॉर्डन के एक जहाज को अपहरणकर्ताओं ने रिहा किया था। इस जहाज पर दस भारतीय नाविक भी थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications