मुनाफावसूली की मार से तेल नीचे
नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज यानी नाइमेक्स में तेल की कीमतों में नरमी दर्ज की जा रही है। डालर में आई तेजी के मद्देनजर निवेशक फिलहाल तेल में मुनाफावसूली को प्राथमिकता दे रहे हैं।
नाइमेक्स में आज तेल का जुलाई वायदा 2.40 डालर यानी 1.8 फीसदी की नरमी से 129.79 डालर प्रति बैरल दर्ज किया गया। आईसीई में भी ब्रेंट क्रूड 2.72 डालर की कमजोरी से 129.65 डालर प्रति बैरल देखा गया।
भू राजनीतिक व आपूर्ति से संबंधित संकेत हालांकि अभी भी मजबूती के पक्ष में हैं। इस बीच नाईजीरिया से प्राप्त ताजा रिपोर्ट में विद्रोहियों ने तेल पाइप लाइन को नुकसान पहुंचाने का दावा किया है। एक दूसरे घटनाक्रम में अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने ईरान के ऊपर फिर से परमाणु कार्यक्रम को लेकर समुचित जानकारी नहीं देने का आरोप लगाया है।
निवेशकों को फिलहाल अमेरिकी ऊर्जा मंत्रालय की सूचना व प्रशासन विभाग से बुधवार को जारी होने वाले क्रूड, गैसोलिन व हीटिंग आयल से सबंधित इन्वेंटरी आंकड़ों का बेसब्री से इंतजार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications