इत्र नगरी छोड़ सुहाग नगरी से चुनाव लड़ेंगे अखिलेश यादव!
लखनऊ, 27 मई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव के पुत्र अखिलेश सिंह यादव सुहाग नगरी फिरोजाबाद से आगामी लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। इससे पहले वह इत्र की नगरी कन्नौज से संसद के लिए चुने जाते थे।
लखनऊ, 27 मई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव के पुत्र अखिलेश सिंह यादव सुहाग नगरी फिरोजाबाद से आगामी लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। इससे पहले वह इत्र की नगरी कन्नौज से संसद के लिए चुने जाते थे।
सपा के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने आज भाजपा छोड़कर सपा में आए पूर्व सांसद डा़ राम बख्श सिंह वर्मा को पार्टी में शामिल करते हुए उन्हें कन्नौज से लोकसभा के लिए पार्टी का उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही यह भी तय हो गया कि अखिलेश अब यहां से चुनाव नहीं लड़ेंगे।
सपा के इस घोषणा से यह भी साफ हो गया है कि पार्टी ने बागी मूड में आ गए वरिष्ठ नेता धनीराम वर्मा को मनाने की कोशिश छोड़ दी है। गौरतलब है कि धनीराम वर्मा की सपा प्रमुख से इन दिनों कन्नौज लोकसभा सीट को लेकर असहमति है।
धनीराम अपने बेटे महेश वर्मा के लिए टिकट चाहते थे और आज प्रत्याशी की घोषणा कर सपा ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
हालांकि शिवपाल ने अखिलेश यादव के नए संसदीय क्षेत्र के बारे में चुप्पी साध रखी है, लेकिन सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि अखिलेश अब फिरोजाबाद से चुनाव लड़ेंगे। अब तक फिरोजाबाद सुरक्षित सीट थी, लेकिन नए परिसीमन के बाद यह सामान्य वर्ग में आ गई है।
अखिलेश के कन्नौज से चुनाव न लड़ने के कारण ही धनीराम वर्मा ने अपने बेटे के लिए यह सीट मांगी थी।
गौरतलब है कि 1999 में संभलपुर और कन्नौज दोनों जगह से चुनाव जीतने के बाद मुलायम सिंह ने कन्नौज सीट छोड़ी थी। इसके बाद से अखिलेश यादव लोकसभा में कन्नौज का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं।
सपा के एक नेता ने बताया कि नए परिसीमन में कन्नौज लोकसभा क्षेत्र से यादव बाहुल्य भरथना विधानसभा सीट निकल जाने से कन्नौज सीट अब उतनी खुशगवार नहीं रही। जबकि फिरोजाबाद लोकसभा सीट में शिकोहाबाद, जसराना और नई बनी सिरसागंज विधान सभा सीटें आती हैं जो यादव बाहुल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications