आधुनिक युद्धों में सूचना एवं संचार तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका : राजू
नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। रक्षा राज्य मंत्री एम.एम. पल्लम राजू ने आज कहा कि आधुनिक समय में होने वाले युद्धों में सूचना एवं संचार तकनीकें ही निर्णायक भूमिका में रहेंगी। उन्होंने कहा कि देश की सशस्त्र सेनाएं भविष्य में तभी मजबूत होकर उभरेंगी जब वे सूचना पर अपना वर्चस्व बना कर रखेंगी।
वह आज यहां भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) और सेना मुख्यालय द्वारा आयोजित 'डेफकाम इंडिया 2008' नामक सेमीनार को संबोधित कर रहे थे। सेमीनार का विषय था 'सशस्त्र सेनाओं के समक्ष तकनीकी और गैर तकनीकी चुनौतियां'।
थल सेनाध्यक्ष जनरल दीपक कपूर ने कहा, "युद्ध कलाओं में होते नित नए परिवर्तनों के कारण प्रतिक्रिया का समय कम होता जा रहा है। इसके लिए यह जरूरी है कि हम अपनी संचार प्रणालियों में लगाातार सुधार की कोशिश जारी रखें।"
एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल एस.पी. श्री कुमार ने कहा कि सेना को अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए उद्योग जगत की क्षमताओं का पूरा उपयोग करना चाहिए।
यह लगातार सातवां वर्ष है जब 'डेफकाम इंडिया' ने उद्योग जगत और सेना को एक मंच पर लाया है। इस दो दिवसीय सेमीनार में सौ कंपनियों के चार सौ प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications