देश का पहला पेट्रोलियम, रसायन एवं पेट्रोरसायन निवेश क्षेत्र शीघ्र
नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री रामविलास पासवान ने कहा है कि आंध्र प्रदेश में विजाग के निकट देश के पहले पेट्रोलियम, रसायन एवं पेट्रोरसायन निवेश क्षेत्र (पीसीपीआईआर) पर काम शीघ्र शुरू हो जाएगा।
मंत्रालय के चार वर्षीय रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए आज पासवान ने कहा, "आंध्र प्रदेश में पीसीपीआईआर का काम उच्च स्तर पर चल रहा है। एक उच्च अधिकार प्राप्त समिति इसका देखरेख कर रही है। इसके विकास का काम जल्दी ही शुरू हो जाएगा।"
आंध्र प्रदेश का प्रस्तावित पीसीपीआईआर लगभग 250 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला होगा। इसमें 3.43 खरब रुपये के निवेश से 12 लाख से भी अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार का सृजन किया जा सकेगा।
पासवान ने कहा कि कर्नाटक, गुजरात, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा और तमिलनाडु में पीसीपीआईआर के लिए उनके मंत्रालय को प्रस्ताव मिले हैं।
उन्होंने कहा, "केंद्र सरकार पीसीपीआईआर को रेल, राजमार्ग और हवाई अड्डों से जोड़ेगी जबकि राज्य सरकारें इन्हें बिजली और पानी जैसी आधारभूत सुविधाएं मुहैया कराएंगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications