नई असेंबली के शपथ के चंद घंटे बाद नेपाल में बम धमाका
काठमांडू, 27 मई (आईएएनएस)। नेपाल में संविधान सभा की बुधवार को होने वाली आम बैठक से ठीक एक दिन पूर्व आज काठमांडू में एक बस अड्डे पर बम धमाका हुआ। यह धमाका नई असेंबली के शपथ ग्रहण के कुछ घंटे बाद ही हुआ जिसमें कम-से-कम छह लोग घायल हो गए।
काठमांडू जिला पुलिस प्रमुख सुरबेंद्र खनल ने कहा, "कुछ अज्ञात व्यक्ति रत्न पार्क बस अड्डे पर बम फेंक कर भाग गए थे। छर्रे लगने से छह लोग घायल हैं जिनमें से दो की हालत गंभीर है।"
पुलिस के अनुसार यह एक देसी बम था और इस हमले के लिए जीपीएफ रणवीर सेना को जिम्मेदार ठहराया है। इस गुट ने सोमवार को भी उस स्थान के निकट हमला किया था जहां बुधवार को संविधान सभा की बैठक है।
रणवीर सेना की मांग है कि हिंदू धर्म को देश का आधिकारिक धर्म बनाया जाए और वह राजशाही को खत्म किए जाने के भी खिलाफ है।
वहीं मंगलवार को एक विशेष समारोह में वरिष्ठ नेता कुलबहादुर गुरुं ग ने 601 सदस्यों वाली असेंबली में से 568 सदस्यों को शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में कार्यवाहक प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला और माओवादी नेता प्रचंड भी थे।
शेष सदस्यों में से 26 सरकार द्वारा नियुक्त होंगे। भिन्न समुदायों से आने वाले नव-निर्वाचित नेपाली प्रतिनिधियों ने 40 भाषाओं से भी अधिक में शपथ ली।
इससे पूर्व नेपाल के तीनों प्रमुख राजनीतिक दलों ने माओवादियों के अधीन नई सरकार की रूपरेखा पर रजामंदी जताई। साथ ही सरकार ने बुधवार से नए गणतंत्र की शुरुआत की खुशी के उपलक्ष्य में तीन दिन के राष्ट्रीय अवकाश का भी निर्णय किया है।
इधर बीच, तराई आर्मी नामक गुट ने दक्षिणी नेपाल के अनेक इलाकों में गणतंत्र की घोषणा के विरोध में यातायात जाम किया जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ा। सूचना है कि इस दौरान दुकानों, शैक्षिक संस्थानों को बंद रखा गया, लेकिन किसी प्रकार की हिंसा की सूचना नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications