तकनीकी क्षेत्र में साझेदारी बढ़ा सकते हैं भारत और फिनलैंड : अश्विनी
नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। उद्योग राज्य मंत्री डा. अश्वनी कुमार का कहना है कि भारत और फिनलैंड अगर आपस में तकनीकी साझेदारी बढ़ाने के समझौतों पर हस्ताक्षर करें तो इससे दोनों देशों की कंपनियों को भी लाभ पहुंचेगा।
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) और फिनलैंड की फिनप्रो इंडिया द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित दूसरी 'ग्लोबल इन्नोवेशन समिट 2008/एफआईएनडी 2008' के उद्घाटन से एक दिन पहले उन्होंने कहा, "दोनों देशों के बीच एक पारस्परिक सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर होना चाहिए। इससे दोनों ही देशों की कंपनियां एक दूसरे की ज्यादा अच्छी तरह मदद कर पाएंगी।"
कुमार ने कहा कि इस बैठक में भारत सरकार के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल की उपस्थिति से अनुमान लगाया जा सकता है कि सरकार दोनों देशों के बीच रिश्तों की मजबूती को लेकर कितनी गंभीर है।
इस अवसर पर उपस्थित भारतीय राजदूत प्रदीप सिंह ने कहा, "हमें शोध एवं विकास, औद्योगिक तकनीक और निवेश के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने पर बल देना चाहिए।"
यह बैठक फिनलैंड के आउलु शहर में आज शुरू हुई और यह इस महीने की 29 तारीख तक चलेगी। भारतीय उद्योग जगत का एक प्रतिनिधिमंडल इसमें भाग लेने गया हुआ है ताकि वह फिनलैंड की कंपनियों से कुछ सीख सके तथा व्यापार की संभावनाएं तलाश कर सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications