इंदौर में एक घंटे तक नहीं बिकेगा तंबाकू!
इंदौर, 27 मई (आईएएनएस)। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर मध्य प्रदेश के इंदौर में एक घंटे तक न तो कोई तंबाकू बेचेगा और न कोई खरीदेगा। 31 मई को होने वाली इस अनोखी पहल में प्रशासन के अलावा आम लोग भी अपना सहयोग देंगे।
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए हुई एक बैठक के दौरान युवाओं में तंबाकू सेवन की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई गई है। साथ ही तय किया गया कि तम्बाकू निषेध दिवस पर जागृति लाने के लिए इंदौर को एक घंटे तक तंबाकू विहीन रखा जाएगा।
बैठक में दंत चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डा़ बी़ एम़ श्रीवास्तव, राजस्व विभाग के अपर आयुक्त वंदना वैश्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज सिंह, संयुक्त संचालक स्वास्थ्य महेश पाटनी मौजूद थे। डा. श्रीवास्तव ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, " टुबैको ब्लैक आउट एक घंटे का सुबह 11 से 12 बजे तक होगा और यह पूरे प्रदेश में हो इसकी कोशिशें की जा रही हैं। साथ ही प्रयास रहेगा कि इस अवधि में न कोई तम्बाकू खाए और न इसकी बिक्री हो।
इस मौके पर इंदौर के कुछ इलाकों को तंबाकू विहीन बनाया जाएगा और शैक्षणिक संस्थाओं से 100 मीटर दूर तक तंबाकू विक्रय न होने देने के कानून पर कड़ाई से पालन किया जाएगा। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर तम्बाकू से होने वाली बीमारियों से अवगत कराने के लिए कार्यक्रम होंगे और बच्चों को अस्पतालों का भ्रमण कराकर तंबाकू से होने वाली बीमारियों के बारे में बताया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications