बैंसला के खिलाफ अवमानना का नोटिस
जयपुर, 27 मई (आईएएनएस)। राजस्थान उच्च न्यायालय ने मंगलवार को गुर्जर नेता के. एस. बैंसला के खिलाफ अवमानना नोटिस जारी कर उनसे 30 मई को अदालत के समक्ष हाजिर होने को कहा है। बैंसला पर उच्च न्यायालय के हिंसा भड़काने से बचने संबंधी फैसले का कथित उल्लंघन करने का आरोप है।
आज बैंसला सहित 13 गुर्जर नेताओं के खिलाफ दाखिल याचिका पर सुनवाई के दौरान न्यायाधीश प्रेम शंकर असोपा ने यह निर्देश दिया। यदि बैंसला 30 मई को अदालत में उपस्थित नहीं होते हैं तो उनकी गिरफ्तारी का वारंट जारी कर दिया जाएगा।
उच्च न्यायालय ने भरतपुर जिले के जिलाधिकारी से नोटिस पर कार्रवाई करने को कहा है। बैंसला अपने आप को अनुसूचित जनजाति की श्रेणी में शामिल किए जाने की मांग कर रहे गुर्जर समुदाय के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं।
अदालत ने राज्य में खराब कानून व व्यवस्था की स्थिति पर मुख्य सचिव, गृह सचिव और पुलिस महानिदेशक से भी जवाब मांगा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications