किशोर पर तेजाब उड़ेला
पटना, 26 मई (आईएएनएस)। भागलपुर जिले के शिवनारायणपुर थानान्तर्गत विष्णुपुर गांव में एक 14 वर्षीय किशोर पर तेजाब डाल कर जला देने का सनसनीखेज मामला आज सामने आया। घायल गौतम कुमार के पिता दिलीप यादव द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
दिलीप यादव ने आरोप लगाया है कि पुरानी दुश्मनी के कारण गांव के ही देवेंद्र साह ने उनके बेटे पर उस समय तेजाब उड़ेल दिया जब वह सुबह शौच के लिए जा रहा था।
उधर, इस मामले में एक अन्य प्राथमिकी देवेंद्र साह ने भी दर्ज करवाई है। देवेंद्र ने आरोप लगाया है कि रविवार की रात गौतम उसकी दुकान का ताला तोड़ रहा था। जब वह आवाज सुनकर बाहर आया तो गौतम उससे उलझ गया। इसी हाथापाई के दौरान कंटेनर में रखा तेजाब गौतम पर गिर गया।
उधर, शिवनारायणपुर थाना के थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि घायल गौतम का इलाज भागलपुर सदर अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत गंभीर है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की तरफ से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसलिए मामले के बारे में विस्तृत छानबीन के बाद ही कोई निष्कर्ष निकाला जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications