तय समय में मंगल पर उतरा फीनिक्स (लीड)
वाशिंगटन, 26 मई (आईएएनएस)। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का अंतरिक्ष यान 'फीनिक्स मार्स लैंडर' मंगल ग्रह पर नियत समय पर उतरने में सफल रहा।
इसके बाद अभियान से जुड़े वैज्ञानिकों में उत्साह देखा गया। जैसे ही वह मंगल पर उतरा कैलिफोर्निया के पसाडेना स्थित 'जेट प्रपोल्सन प्रयोगशाला' में खुशियों और बधाइयों का दौर चालू हो गया।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार फीनिक्स के मंगल पर उतरने की सूचना धरती पर 15 मिनट बाद पहुंची क्योंकि पृथ्वी पर मंगल से रेडियो सिग्नलों के आने में इतना ही समय लगता है।
इस यान ने 13 हजार मील प्रति घंटे की रफ्तार से मंगल के वातावरण में प्रवेश किया। यान की गति को नियंत्रित करने में सात मिनट का समय लगा। उतरने से पहले यान की गति को पैराशूट की मदद से काफी कम किया गया।
मंगल पर उतरने के पहले फीनिक्स के प्रमुख जांचकर्ता पीटर स्मिथ ने कहा था, "हम यह सोचकर बहुत उत्साहित हैं कि हमारा यान मंगल की बर्फ के कितना नजदीक पहुंच चुका है। जैसे ही यह मंगल पर उतरेगा हमारी जांच शुरू हो जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications