रिमझिम बरसात के साथ शुरू हुआ सप्ताह
नई दिल्ली, 26 मई (आईएएनएस)। राजधानी में बरसात ने मानसून आने से पहले दस्तक देनी शुरू कर दी है। आज सुबह सप्ताह के पहले दिन बरसात ने लोगों को सराबोर कर दिया।
बेमौसम बरसात ने जहां लोगों का जायका बिगाड़ दिया वहीं उसने उन्हें हल्के गर्म कपड़े निकालने पर भी विवश कर दिया।
उत्तरी दिल्ली की एक स्कूल शिक्षिका अनीता सिंह ने बताया, "मुझे नहीं याद है कि मैंने दिल्ली में कभी मई के मौसम में गर्म पहने हैं लेकिन इस बार की बारिश ने इतनी ठंडक पहुंचाई है कि हम गर्म कपड़े निकालने को मजबूर हो गए।"
बैंककर्मी अनुभव सहाय ने ट्रैफिक की परेशानियों का जिक्र करते हुए कहा, "जब भी बारिश आती है मैं बहुत तनाव में आ जाता हूं क्योंकि इससे सड़कों पर लंबा जाम लग जाता है। इससे सही समय पर आफिस पहुंचने में कठिनाई होती है।"
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के निदेशक एस.सी. भान ने बताया, "ये बारिश मानसून के आगमन की सूचना नहीं है बल्कि पिछले दिनों राजस्थान और पाकिस्तान में आए तूफान इसके लिए जिम्मेदार हैं जिसके कारण यहां मौसम में बदलाव देखा जा रहा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications