राजतंत्र समर्थक पार्टी ने अपने अध्यक्ष को हटाया
काठमांडू , 26 मई (आईएएनएस)। नेपाल में राजतंत्र समर्थक पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व गृहमंत्री कमल थापा को उनकी ही पार्टी ने अध्यक्ष पद से हटाने के साथ ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी छह वर्ष के लिए निलंबति कर दिया है।
कमल थापा ने 2006 में राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी-नेपाल की स्थापना की थी। थापा राजा ज्ञानेंद्र के 14 महीने के निरंकुश शासन के दौरान विवादास्पद गृहमंत्री थे।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री जगत गुचान ने कहा कि कमल थापा के खिलाफ पार्टी कोष के दुरूपयोग के गंभीर आरोप हैं। जगत ने संविधान सभा के चुनावों में माओवादी नेता प्रचंड को चुनौती दी थी, जिसमें उनकी जमानत जब्त हो गई थी।
गुचान ने कहा कि संविधान सभा के चुनावों में आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत थापा ने अपने आदमियों को संसद में भेजने का प्रयास किया। पार्टी की निर्वाचित केंद्रीय समिति ने इस कदम का विरोध किया है।
गुचान ने कहा कि थापा की राजा के प्रति वफादारी संदेहास्पद है और केवल मंत्री बनने के बाद ही वह राजतंत्र के बड़े समर्थक के रूप में सामने आए।
जगत गुचान ने कहा कि थापा एक बार पार्टी छोड़कर नेपाली कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। कौन जानता है कल वह माओवादी पार्टी में शामिल हो जाएं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications