अशोक लेलेंड और निसान स्थापित करेंगी तीन संयुक्त उद्यम
चेन्नई, 26 मई (आईएएनएस)। भारी वाहन बनाने वाली भारतीय कंपनी अशोक लेलेंड और जापान की निसान मोटर कंपनी ने लगभग 23 अरब रुपये के निवेश से तीन संयुक्त उद्यमों की स्थापना की योजना बनाई है।
नई कंपनियां हल्के व्यापारिक वाहन (एलसीवी) और पावर ट्रेनों के निर्माण के साथ साथ प्रौद्योगिकी विकास का काम करेंगी।
गौरतलब है कि प्रस्तावित संयुक्त उद्यम के लिए दोनों कंपनियों ने पिछले वर्ष अक्टूबर में 'मास्टर सहयोग समझौते' पर हस्ताक्षर किया था और अब इस पर औपचारिक सहमती बनी है।
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक संयुक्त उद्यम की वाहन निर्माता कंपनी 'अशोक लेलेंड निसान व्हीकल प्राइवेट लिमिटेड' में अशोक लेलेंड की 51 प्रतिशत और निसान की 49 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी।
संयुक्त उद्यम की दूसरी कंपनी 'निसान अशोक लेलेंड पावर ट्रेन प्राइवेट लिमिटेड' में निसान की 51 प्रतिशत और अशोक लेलेंड की 49 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी, जबकि 'निसान अशोक लेलेंड टेक्न ोलोजीज प्राइवेट लिमिटेड' में दोनों कंपनियों की हिस्सेदारी आधी आधी होगी।
वाहन निर्माण करने वाली कंपनी पहले चरण में प्रति वर्ष 100,000 वाहनों का निर्माण करेगी। कंपनी की उत्पादन क्षमता धीरे धीरे बढ़ाई जाएगी। यह कंपनी चेन्नई में स्थापित की जाएगी और अनुमान है कि वर्ष 2010-11 तक इससे उत्पादन शुरू हो जाएगा।
अशोक लेलेंड के प्रबंध निदेशक आर. सेशासयी ने कहा, "बाकी बचे दो संयुक्त उद्यमों में दोनों कंपनियां अपनी अपनी विशेषज्ञता और क्षमता का इस्तेमाल पूरी दक्षता के साथ करेंगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।