भाजपा ने पांच निर्दलीय विधायकों के समर्थन का दावा किया
बंगलौर, 26 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक में सरकार बनाने जा रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पांच निर्दलीय विधायकों के समर्थन का दावा किया है। कुल 224 सदस्यों वाली कर्नाटक विधानसभा में भाजपा के पास 110 विधायक हैं। सरकार बनाने के लिए आवश्यक 113 के जादुई आंकड़े को पार करने के लिए उसे कम से कम तीन विधायकों का समर्थन चाहिए।
मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार व भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए बी. एस. येदीयुरप्पा ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए समर्थन दे रहे दो निर्दलीय विधायकों के नाम का खुालासा तो किया लेकिन उन्होंने अन्य तीन विधायकों के नाम नहीं बताए।
उन्होंने कहा, "शिवराज थंगाडाई और गुल्लीहट्टी शेखर ने हमें समर्थन देने की बात कही है। तीन अन्य विधायकों के नाम मंगलवार सुबह तक बता दिए जाएंगे।"
इन दोनों विधायकों ने भाजपा विधायक दल की बैठक में आज हिस्सा भी लिया।
उल्लेखनीय है कि कर्नाटक में इस दफे छह निर्दलीय विधायकों ने जीत हासिल की है। इन छह विधायकों में चार कांग्रेस के बागी हैं जबकि एक भाजपा और एक जनता दल-सेक्यूलर (जेडी-एस) का बागी है।
शेष बचे चार निर्दलीय विधायकों में से दो ने कांग्रेस नेता व राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सिद्दरमैया के प्रति अपना विश्वास जताया है और उन्हें समर्थन देने की इच्छा व्यक्त की है।
येदीयुरप्पा ने कहा कि हमारे पास सरकार बनाने के लिए आवश्यक आंकड़े हैं। उन्होंने कर्नाटक की जीत को राष्ट्रीय राजनीति के लिए टर्निग प्वाइंट बताया और कहा कि यह जीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
इस बीच, कांग्रेस और जेडी-एस ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उनकी ओर से सरकार बनाने को कोई प्रयास नहीं हो रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications