संप्रग-वाम समन्वय समिति की बैठक स्थगित (लीड)
नई दिल्ली, 26 मई (आईएएनएस)। भारत-अमेरिका परमाणु करार के सिलसिले में वामपंथी दलों की ओर से उठाई जा रही आपत्तियों के समाधान के लिए संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार और वामपंथी दलों के बीच गठित समन्वय समिति की बुधवार को होने वाली प्रस्तावित बैठक स्थगित हो गई है।
विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने सोमवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि 28 मई की प्रस्तावित बैठक स्थगित हो गई है। अब यह बैठक जून के पहले पखवाड़े में होगी। मुखर्जी ने हालांकि उन कारणों का खुलासा नहीं किया जिसकी वजह से बैठक स्थगित की गई।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक संप्रग-वाम समन्वय समिति की नौवीं बैठक 11 जून को हो सकती है। इस बैठक में परमाणु करार के मद्देनजर भारत के हितों से जुड़े तमाम पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।
सरकार सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कर्नाटक में मिली पराजय से सकते में आई कांग्रेस पार्टी परमाणु करार पर पूरी तैयारी के साथ वाम दलों के पास जाना चाहती है ताकि वामदलों को मनाया और समझाया जा सके।
ज्ञात हो कि वामपंथी पार्टियां शुरू से ही परमाणु करार का विरोध कर रही हैं। वामदलों ने तो कई मौकों पर सरकार को समर्थन वापसी तक की धमकी दे डाली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications