खाड़ी देशों में सीबीएससी कर सकती है परीक्षा के समय में बदलाव
नई दिल्ली, 26 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) खाड़ी देश में स्थित विभिन्न स्कूलों के अनुरोध पर वहां आयोजित की जाने वाली बोर्ड परीक्षा के समय में फेरबदल कर सकती है।
दुबई स्थित मिलेनियम स्कूल ने सीबीएसई से अनुरोध किया था कि वह अगले वर्ष से सुबह नौ बजे की बजाय सुबह दस बजे से बोर्ड परीक्षा आयोजित करे।
इस वर्ष सुबह नौ बजे लंबे समय तक ट्रैफिक जाम रहने की वजह से कई परीक्षार्थी बारहवीं की परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। इसके बाद स्कूलों ने सीबीएसई से समय में परिवर्तन करने का अनुरोध किया है।
सीबीएसई के अध्यक्ष अशोक गांगुली ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "सीबीएसई के पास दुबई के कई स्कूलों से परीक्षा के समय में परिवर्तन करने के लिए अनुरोध पत्र आए हैं।"
उन्होंने कहा, "हम लोगों को उनकी शिकायतें मिली हैं और इसपर विचार किया जा रहा है। खाड़ी देशों में इस वर्ष ट्रैफिक जाम की समस्या रही है। इसे ध्यान में रखते हुए परीक्षा के समय में परिवर्तन किया जा सकता है।"
गांगुली ने कहा कि खाड़ी के किसी एक देश के लिए परीक्षा के समय में परिवर्तन नहीं किया जा सकता है। यहां कोई भी निर्णय पूर्व मध्य ऐशिया को ध्यान में रख कर लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष खाड़ी देशों में सीबीएसई की दसवीं और बारहवीं की परीक्षा में 17,370 परीक्षार्थी शामिल हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications