संयुक्त उद्यम में 10 अरब रुपये निवेश करेंगी वोल्वो और आयशर
नई दिल्ली, 26 मई (आईएएनएस)। दुनिया की प्रमुख आटोमोबाइल निर्माता कंपनी वोल्वो और भारतीय कंपनी आयशर मोटर्स लिमिटेड (ईएमएल) ने कहा है कि दोनों कंपनियां भारत में भारी वाहनों के निर्माण के लिए प्रस्तावित संयुक्त उद्यम में 10.82 अरब रुपये निवेश करेंगी।
दोनों कंपनियों ने आज नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "संयुक्त उद्यम में आयशर मोटर्स का ट्रकों और बसों का पूरा कारोबार और वोल्वो समूह की भारत में ट्रकों की बिक्री और सेवाओं से संबंधित तमाम उद्यम शामिल होंगे।"
प्रस्तावित संयुक्त उद्यम का नाम 'वीई कामर्शियल व्हीकल' होगा। नई कंपनी के पास भारत में वोल्वो के मौजूदा और भविष्य में निर्मित होने वाले तमाम ट्रकों के विपणन का एकाधिकार होगा।
आयशर के प्रबंध निदेशक सिद्धार्थ लाल ने कहा, "समझौते के मुताबिक ईएमएल के तमाम व्यापारिक वाहन कारोबार का हस्तांतरण संयुक्त उद्यम की नई कंपनी में हो जाएगा। संयुक्त उद्यम में ईमएल की हिस्सेदारी 54.4 प्रतिशत होगी।"
ईएमएल के अधिकारियों का कहना है कि रॉयल एनफील्ड नामक लोकप्रिय बुलेट मोटरसाइकिलों के कारोबार का संयुक्त उद्यम से कोई लेना देना नहीं होगा। इसका कारोबार आयशर स्वतंत्र रूप से करती रहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications