अतीक अहमद के लिए पार्टी में जगह नहीं : बसपा
लखनऊ, 26 मई (आईएएनएस)। बहुजन समाज पार्टी ने इस संभावना से इंकार किया है कि जेल में बंद फूलपुर के समाजवादी पार्टी के सांसद अतीक अहमद को बसपा में शामिल किया जा सकता है।
बसपा के प्रवक्ता ने इस बाबत आज लिखित बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि अतीक अहमद का यह कथन पूरी तरह बेबुनियाद, झूठा एवं भ्रामक है कि बसपा के कई बड़े नेताओं ने उससे मुलाकात की है और वह बहुत जल्दी पार्टी में शामिल होने वाला है।
बसपा प्रवक्ता ने कहा कि बसपा काडर आधारित अनुशासित राजनीतिक दल है। इसने शुरू से ही गुंडों, माफियाओं एवं आपराधिक तत्वों के राजनीति में प्रवेश का न केवल विरोध किया है, बल्कि अपने फैसलों से अन्य दलों के लिए उदाहरण भी पेश किए हैं। उन्होंने कहा कि बसपा ने आपराधिक कृत्य के आरोपी अपने ही सांसद को जेल तक भिजवाया और माफिया छवि वाले एक विधायक, जो पार्टी में शामिल हो गए थे, को बाहर का रास्ता भी दिखाया था।
प्रवक्ता के अनुसार अतीक अहमद बसपा के विधायक राजू पाल हत्याकांड का अभियुक्त है। बसपा सरकार ने इस कांड की सीबीआई जांच की मांग भी की है। अहमद पर हत्या, हत्या के प्रयास तथा अपहरण आदि जैसे संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। अहमद के विरुद्ध अकेले इलाहाबाद में ही ऐसे दर्जनों मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के लिये बसपा में कोई जगह नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications