कर्नाटक में मिली पराजय की समीक्षा में जुटी कांग्रेस
नई दिल्ली, 26 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस पार्टी कर्नाटक में मिली पराजय की समीक्षा करने में जुट गई है। पार्टी की राज्य इकाई को इस बावत निर्देश दिया गया है कि वह जल्द से जल्द अपनी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौंपे। उधर, कांग्रेस महासचिव व कर्नाटक के चुनाव प्रभारी पृथ्वीराज चव्हाण भी अपनी रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए बताया कि हार के कारणों की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा, "प्रदेश इकाई से बात कर हार के सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी।"
कांग्रेस प्रवक्ता ने यह मानने से इंकार किया कि महंगाई या फिर आतंकवाद के कारण या फिर राज्य नेताओं की आपसी गुटबाजी के कारण कर्नाटक में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सामूहिक रूप से यह चुनाव लड़ा था इसलिए हार की जिम्मेदारी भी सामूहिक है। किसी व्यक्तिगत नेता को दोष देना उचित नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications