आर्सेलर-मित्तल परियोजना के खिलाफ सड़क पर उतरे जनजाति
भुवनेश्वर, 26 मई (आईएएनएस)। उड़ीसा के क्योंझर जिले में प्रसिद्ध इस्पात निर्माता कंपनी आर्सेलर-मित्तल के प्रस्तावित 400 अरब रुपये के इस्पात संयंत्र के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए स्थानीय जनजातीय समुदाय के सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए।
क्योंझर जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि भुवनेश्वर से लगभग 150 किलोमीटर दूर क्योंझर के जिला मुख्यालय के एक हाल के सामने प्रदर्शनकारी "मित्तल वापस जाओ" जैसे नारे लगा रहे थे। उनका कहना है, "हम इस्पात संयंत्र के लिए एक इंच भी जमीन नहीं देंगे।"
पुलिस अधिकारी का कहना है कि इस हाल में कंपनी के अधिकारियों ने एक बैठक आयोजित की थी। इस बैठक में पुनर्वास के मसौदे पर चर्चा करने के लिए कंपनी ने ग्रामीणों, गैर सरकारी संगठनों और सरकारी अधिकारियों को आमंत्रित किया था।
गौरतलब है कि दो वर्ष पहले आर्सेलर-मित्तल ने उड़ीसा सरकार के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किया था। इस समझौते के तहत कंपनी क्योंझर जिले में 400 अरब रुपये के निवेश से 1.2 करोड़ टन प्रति वर्ष उत्पादन क्षमता वाला इस्पात संयंत्र स्थापित करेगी। प्रस्तावित संयंत्र के लिए लगभग 8,000 एकड़ जमीन की जरूरत होगी।
झारखंड और उड़ीसा में आर्सेलर-मित्तल के ग्रीनफील्ड इस्पात परियोजनाओं के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सनक मिश्र ने कहा, "हम लोगों को यह समझाने की कोशिश करेंगे कि प्रस्तावित परियोजना से उनके जीवन स्तर में निश्चित रूप से बेहतरी आएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications