बीपीएससी की परीक्षा कल, नहीं मिले प्रवेश पत्र
पटना, 24 मई (आईएएनएस)। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) द्वारा आयोजित राज्य लोक सेवा की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को होने वाली है लेकिन सैकड़ों परीक्षार्थियों को अब तक प्रवेश पत्र नहीं मिल पाया है। इससे उनके बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
प्रवेश पत्र मिलने के लंबे इंतजार के बाद शनिवार को परीक्षार्थियों के सब्र का बांध टूट गया। पटना स्थित बीपीएससी कार्यालय के समाने सैकड़ों परीक्षार्थियों ने जमकर हंगामा किया। गया के छात्र कमलेश सिंह का कहना है कि हमलोग प्रवेश पत्र मिलने का इंतजार कर रहे हैं लेकिन आयोग मीठी नींद ले रहा है।
दूसरी तरफ बीपीएसई के उप सचिव शरदचन्द्र झा ने आईएएनएस को बताया कि जितने छात्रों का आवेदन पत्र आयोग कार्यालय को प्राप्त हुआ था उन सभी परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र उनके दिए गए पते पर भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि अब तक जिन परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र नहीं मिले हैं वे लोग इंटरनेट द्वारा प्रवेश पत्र की कॉपी निकाल कर रविवार को होने वाली प्रारंभिक परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications