अफगानिस्तान में विस्फोट, 3 बच्चे मरे 5 घायल
काबुल, 24 मई (आईएएनएस)। अफगानिस्तान में हुए दो अलग-अलग विस्फोटों में तीन बच्चों की मौत हो गई जबकि चार सुरक्षाकर्मियों समेत पांच घायल हो गए हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए ने शनिवार को नाटो के नेतृत्व में तैनात अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा बल (आईएसएएफ) के हवाले से बताया कि पाश्तुनकोट जिले में मैदान में पड़े एक बम में अचानक विस्फोट हो जाने से वहां खड़े तीन बच्चों की मौत हो गई है।
हालांकि स्थानीय निवासियों ने बताया कि आईएसएएफ के सुरक्षाकर्मियों द्वारा की गई अंधाधुंध गोलीबारी में इन बच्चों की मौत हुई है। वे लोग सरकार से इन सुरक्षाकर्मियों को सजा देने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल प्रांतीय सरकार ने घटना की जांच कराने का आश्वासन दिया है।
उधर पूर्वी कानुर प्रांत के सवाकई जिले में सड़क किनारे हुए विस्फोट में आईएसएएफ के तीन सुरक्षाकर्मी और एक दुभाषिया घायल हो गया।
आईएसएएफ के प्रवक्ता मेजर मार्टिन ओडोनेल ने बताया कि सभी घायलों को सैन्य अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications