कर्नाटक विधान सभा चुनाव के नतीजे कल
बंगलौर, 24 मई (आईएएनएस)। कर्नाटक विधान सभा चुनाव के नतीजे रविवार को जारी किए जाएंगे। इन नतीजों पर पूरे देश की नजर रहेगी क्योंकि इनसे राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक समीकरण बनने-बिगड़ने की संभावना जताई जा रही है।
कर्नाटक के राज्य चुनाव आयोग ने आज कहा कि तीन चरणों में हुए इन चुनावों में पड़े मतों की गिनती 48 अलग अलग केंद्रों में 6,000 से ज्यादा कर्मचारी करेंगे। रविवार दोपहर तीन बजे तक सभी 224 सीटों के परिणाम आ जाने की उम्मीद है।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एम.एन. विद्याशंकर के मुताबिक रविवार सुबह 8 बजे से मतों की गिनती शुरू हो जाएगी और 10.30 बजे तक शुरुआती रुझान आने लगेंगे।
समय से इंटरनेट पर नतीजे जारी करने के लिए अधिकारियों ने राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र द्वारा विकसित नए सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल की व्यवस्था की है।
गौरतलब है कि कर्नाटक देश का पहला ऐसा राज्य है जहां परिसीमन आयोग की सिफारिशों के मुताबिक विधान सभा सीटों की संख्या में बिना किसी फेर बदल के अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित सीटों की व्यवस्था की गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications