एएमयू में इस्लामिक बैंकिंग और वित्त प्रबंधन पर पाठ्यक्रम
लखनऊ, 24 मई (आईएएनएस)। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) ने इस्लामिक बैंकिंग क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं के मद्देनजर अगले शैक्षणिक सत्र से इस्लामिक बैंकिंग एवं वित्त प्रबंधन पर आधारित पाठ्यक्रम की पेशकश की है।
विश्वविद्यालय के प्रवक्ता राहत अबरार ने आईएएनएस को अलीगढ़ से फोन पर बताया, "इस पाठ्यक्रम के लिए एएमयू के कुलपति पी.के. अब्दुल अजीज ने हाल ही में इस्लामिक बैंकिंग के विशेषज्ञों से विस्तृत चर्चा की है। इस चर्चा में एएमयू के पूर्व प्रोफेसर और इस्लामिक बैंकिंग एवं वित्त प्रबंधन के जाने माने विशेषज्ञ मोहम्मद नेजातुल्ला सिद्दिकी, बंगलौर स्थित बारीज अम्नाह इंवेस्टमेंट प्रा. लिमिटेड के सैयद मोहम्मद बारी और शारिक निसार शामिल थे।"
अबरार ने बताया कि चर्चा के दौरान विशेषज्ञों का कहना था कि भारत समेत पूरी दुनिया में बैंकिंग और वित्त प्रबंधन क्षेत्र में तेजी से परिवर्तन हो रहे हैं। वर्तमान दौर में इस्लामिक बैंकिंग और वित्त प्रबंधन प्रणाली की मांग तेजी से बढ़ रही है।
प्रवक्ता ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस्लामिक बैंकिंग के लिए अलग से विभाग बनाने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications