गुजरात सरकार की संस्था को स्टाकहोम चैलेंज पुरस्कार
गांधीनगर, 24 मई (आईएएनएस)। गांधीनगर जिलाधिकारी कार्यालय के जन सेवा केंद्र को नागरिक प्रशासन वर्ग का स्टाकहोम चैलेंज पुरस्कार-2008 प्रदान किया गया है।
यह पुरस्कार इंटरनेशनल रायल इंस्टीट्यूट द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों की जबाबदेही बढ़ाने के लिए प्रदान किया जाता है।
रायल इंस्टीट्यूट की जूरी ने 52 देशों से छह श्रेणियों में प्राप्त 145 सूचना और संचार तकनीक परियोजनाओं में से सात विजेताओं को चुना।
सभी विजेताओं को 22 मई को स्टाकहोम चैलेंज ट्राफी और 5,000 यूरो का चेक देकर सम्मानित किया गया।
जन सेवा केंद्र की ओर सोनल मिश्रा ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। सोनल मिश्रा ने गांधीनगर में जिलाधिकारी रहने के दौरान इस परियोजना की शुरुआत की थी।
जन सेवा केंद्र 90 प्रकार की नागरिक सेवा, 44 प्रकार के शपथपत्र और कई अन्य सेवाएं एक जगह पर उपलब्ध कराता है।
इसमें सूचना तकनीक के उपयोग से भूमि संबंधी मामले, नागरिक आपूर्ति के मामले, राजस्व संग्रह, लाइसेंस, प्रमाणपत्र, सूचना का अधिकार से संबंधित मामले निपटाए जाते हैं। गुजरात के 80 उपजिला मुख्यालयों में भी जन सेवा केंद्रों का विस्तार किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications