अरुण कुमार
वाशिंगटन, 24 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी की दौड़ में बने रहने के लिए पूर्व राष्ट्रपति जान एफ. कैनेडी के भाई राबर्ट एफ.कैनेडी की 1968 में हुई हत्या का उदाहरण देकर हिलेरी क्लिंटन नई मुसीबत में फंस गई हैं।
हिलेरी ने शुक्रवार को दक्षिणी डकोटा में समाचार पत्र के संपादकों से कहा कि राबर्ट कैनेडी की हत्या के घटनाक्रम को ध्यान में रखकर ही वह ओबामा से पीछे होने के बावजूद डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की दौड़ जारी रखे हुए हैं।
दक्षिणी डकोटा में सबसे अंत में 3 जून को डेमोक्रेटिक पार्टी प्राइमरी के चुनाव होने हैं।
हिलेरी क्लिंटन ने अपने पति बिल क्लिंटन का भी उदाहरण दिया जो 1992 के मध्य जून में कैलिफोर्निया में विजयी होने के बाद ही डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बनने में सफल हुए थे।
हिलेरी ने अपने इस बयान की समाचार माध्यमों में निंदा शुरू होने के बाद तुरंत माफी भी मांग ली।
उधर बराक ओबामा के चुनाव अभियान प्रवक्ता बिल बर्टन ने कहा कि हिलेरी का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है और चुनाव अभियान में इसका कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
गौरतलब है कि कैनेडी परिवार के सीनेटर एडवर्ड कैनेडी के हाल ही में दिमागी कैंसर से पीड़ित होने का पता चला है।
क्लिंटन के बयान से देश के पहले अश्वेत राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा हो गई है।
गौरतलब है कि ओबामा के पास हिलेरी की तुलना में 200 प्रतिनिधि अधिक हैं और उनके पास आवश्यक 2025 के आंकड़े से केवल 56 प्रतिनिधि कम हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications