बर्खास्त न्यायाधीश जल्दी ही बहाल होंगे: जरदारी
इस्लामाबाद , 24 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान में सत्तारूढ़ गठबंधन सरकार का नेतृत्व कर रही पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के सहप्रमुख आसिफ अली जरदारी ने घोषणा की है कि राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ द्वारा बर्खास्त किए गए न्यायाधीशों को जल्दी ही बहाल किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों बर्खास्त न्यायाधीशों की बहाली के मुद्दे पर गठबंधन के टूटने का खतरा पैदा हो गया था। जरदारी पहले इसे संवैधानिक सुधारों का भाग बनाने के लिए तैयार थे, लेकिन बाद में मुकर गए।
इसी वजह से गठबंधन सरकार के दूसरी बड़ी सहयोगी पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) ने अपने मंत्रियों को सरकार से वापस बुला लिया था।
शुक्रवार को जरदारी ने स्पष्ट घोषणा की है कि सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश इफ्तिखार मोहम्मद चौधरी सहित मुशर्रफ द्वारा बर्खास्त किए गए सभी न्यायाधीशों की बहाली, बजट के पहले जून में पेश किए जाने वाले 62 सूत्रीय संवैधानिक सुधारों का हिस्सा होगी।
जरदारी ने यह भी कहा कि सरकार 1973 के संविधान को स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
नवाज शरीफ की पार्टी ने अभी इस घटनाक्रम पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
पीपीपी के प्रमुख नेताओं ने आज प्रधानमंत्री निवास पर संवैधानिक सुधार के प्रस्ताव पर तीन घंटे तक चर्चा की है। बैठक में जरदारी और प्रधानमंत्री युसुफ रजा गिलानी के अलावा बैठक में सूचना मंत्री शेरी रहमान और कानून मंत्री फारुक एच. नाइक भी उपस्थित थे।
सूत्रों के अनुसार संवैधानिक सुधारों में संसद की सर्वोच्चता सुनिश्चित करने के साथ ही राष्ट्रपति के अधिकारों में कमी की जाएगी। इसमें न्यायपालिका को और शक्तिशाली बनाने के प्रावधान होंगे ताकि भविष्य में किसी भी असामान्य घटनाक्रम की संभावना को समाप्त किया जा सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications