बिहार में कुख्यात डकैत वासुदेव यादव ने आत्मसमर्पण किया
पटना, 24 मई (आईएएनएस)। बिहार और उत्तर प्रदेश के इनामी कुख्यात डकैत वासुदेव यादव ने आज बगहा जिले के आरक्षी अधीक्षक के समक्ष हथियारों और गिरोह के तीन अन्य साथियों समेत आत्मसमर्पण कर दिया। 73 वर्षीय वासुदेव यादव को कुख्यात डकैत भांगड़ यादव का गुरु बताया जाता है।
बगहा के आरक्षी अधीक्षक विकास वैभव ने बताया कि वासुदेव के खिलाफ बिहार के विभिन्न जिलों के थानों में 94 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा 12 अन्य मामले उत्तर प्रदेश के कुशीनगर थाने में दर्ज हैं।
उन्होंने कहा कि वासुदेव के खिलाफ दर्ज मामलों की संख्या में और वृद्घि हो सकती है। वैभव ने बताया कि वासुदेव के बारे में सूचना देने वालों के लिए बिहार सरकार ने दो लाख रुपये और उत्तर प्रदेश सरकार ने 50 हजार रुपये का इनाम रखा था।
कुख्यात वासुदेव के साथ उसके गिरोह के सदस्य राजेश सिंह, रमाकांत यादव और घनश्याम राम ने भी आत्मसमर्पण किया। आरक्षी अधीक्षक ने बताया कि वासुदेव पिछले दस वर्ष से पुलिस के लिये चुनौती बना हुआ था।
एक रेगुलर राईफल और ढेर सारी गोलियों के साथ आत्मसमर्पण करने आये वासुदेव ने पत्रकारों को बताया कि वह जंगल की दुनिया से तंग आ गया था। समर्पण से पहले उसने अपने कृत्यों के लिए माफी मांगी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications