चीन में भूकंप पीड़ितों की सहायता के लिए उमड़ा जनसमूह
बीजिंग, 24 मई (आईएएनएस)। चीन के सिचुआन प्रांत में पिछले दिनों आए भयानक भूकंप से प्रभावित हजारों लोगों की सहायता के लिए देशभर के लोग उमड़ पड़े हैं।
देश के कोने-कोने से भूकंप पीड़ितों की सहायता के लिए कार्यकर्ता यहां पहुंचकर राहत कार्य में सहयोग दे रहे हैं। उन लोगों तक खाद्य सामग्री, पीने का पानी और दवाइयां पहुंचाई जा रही हैं। देशवासी रक्तदान करने के साथ-साथ व्यक्तिगत और संयुक्त प्रयासों से आर्थिक सहयोग देने के लिए अब तक सैकड़ों करोड़ युआन इकट्ठा कर चुके हैं।
इसके अलावा भूकंप में अनाथ हुए बच्चों को गोद लेने के लिए सैकड़ों युवा दंपति सामने आ रहे हैं और इसके लिए उन लोगों ने अर्जियां भी दायर की हैं।
दूसरी तरफ मीडिया ने भी अपनी सीमा से आगे जाकर यहां हुई तबाही की खबरों का प्रसारण किया है। एक विज्ञापन कंपनी के 24 वर्षीय अधिकारी स्काय वांग ने समाचार एजेंसी डीपीए के हवाले से कहा, "टेलीविजन में दिन-रात खबरें आ रही हैं लेकिन लोगों तक खबर पहुंचाने के काम में ब्लॉग और एसएमएस द्वारा भेजे जा रहे संदेश भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।"
देश के विभिन्न हिस्सों में फैले टैक्सी चालक राहत सामग्रियों को निश्चित स्थान तक पहुंचाने में लगे हैं। इन सब के अलावा एचआईवी पीड़ित स्व-सहायता दल भी राहत कार्यो में हाथ बटाने की इच्छा जाहिर कर चुका है।
'चाइन डेली' अखबार में एक एचआईवी पीड़ित ने कहा है, "यकीनन मेरा रक्त दूषित है लेकिन हमलोग कुछ राशि तो जरूर भेज सकते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications