विज्ञान की शिक्षा अब उर्दू में भी मिलेगी
लखनऊ, 24 मई (आईएएनएस)। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) ने निर्णय लिया है कि वह सीबीएसई, आईसीएसई और उत्तरप्रदेश बोर्ड की विज्ञान की पुस्तिकाओं का उर्दू में अनुवाद करेगा। इससे मदरसे और विभिन्न मुस्लिम स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को विज्ञान की शिक्षा लेने में आसानी होगी।
एएमयू के प्रवक्ता राहत अबरार ने आईएएनएस को बताया, "अभी तक लोग उर्दू शायरी और साहित्य से ही रूबरू हो पाए हैं लेकिन अब इस भाषा के माध्यम से विज्ञान विषय की भी शिक्षा ली जा सकेगी।"
उन्होंने कहा कि विज्ञान की पुस्तिकों का उर्दू में अनुवाद होने से मदरसे और दूसरे अन्य मुस्लिम स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को विज्ञान समझने में आसानी होगी।
एएमयू के प्रवक्ता ने बताया, "पहले हम प्राथमिक कक्षा की विज्ञान की पुस्तकों का उर्दू में अनुवाद करेंगे। इसके बाद उच्च कक्षाओं की पुस्तिकों का उर्दू में अनुवाद किया जाएगा।"
एएमयू के एक सूत्र ने बताया कि अनुवाद का काम विश्वविद्यालय की उर्दू अकादमी द्वारा किया जाएगा, जिसे केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने कोष मुहैया कराया है।
अनुवादक दल के सदस्यों में से एक प्रोफेसर काजी अफजल हुसैन ने बताया, "उर्दू भाषा को बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने हमें चार करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की है।"
गौरतलब है कि उर्दू अनुवादक मंडल के सदस्यों में देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों को इसमें शामिल किया गया है, जिसमें विभिन्न उर्दू परिषदों के विशेषज्ञों के साथ ही एनसीईआरटी के शिक्षिक भी होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications