पाकिस्तान ने 99 कैदी भारत को सौंपे
लाहौर , 24 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने अपनी जेलों में बंद 99 मछुआरों को शनिवार को वाघा सीमा पर भारतीय अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया।
लाहौर , 24 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने अपनी जेलों में बंद 99 मछुआरों को शनिवार को वाघा सीमा पर भारतीय अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया।
गौरतलब है कि इसके तीन दिन पहले ही भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे की जेलों में बंद कैदियों से राजनयिकों को मुलाकात करने की अनुमति देने संबंधी समझौता किया है।
रिहा किए गए कैदियों में 96 मछुआरे हैं जिनको कराची से यहां लाया गया था। शेष तीन भारतीय कैदियों को लाहौर की कोट लखपत जेल से रिहा किया गया।
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में कैद कुल 473 भारतीय कैदियों में से 96 को अब आजादी मिल गई है।
एक जेल अधिकारी ने कराची से टेलीफोन पर आईएएनएस को बताया "हमारे पास अभी 373 भारतीय कैदी हैं। यह सभी मछुआरे हैं,और इनमें से कोई भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त नहीं है।"
इस्लामाबाद स्थित भारतीय दूतावास द्वारा मछुआरों की भारतीय नागरिकता की पुष्टि करने और जरूरी यात्रा दस्तावेज उपलब्ध कराने के बाद शुक्रवार को इनको जेल से रिहा कर दिया गया था।
वाघा सीमा पर पाकिस्तान के आंतरिक मंत्रालय और भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों की उपस्थिति में सभी कैदियों को भारत के हवाले कर दिया गया।
दोनों देशों के सुरक्षा बल मछुआरों को अरब सागर में समुद्री सीमा के उल्लंघन के कारण जेल में बंद कर देते हैं। इसके पूर्व भी दोनों देश संबंध सुधार के लिए कैदियों की अदला बदली कर चुके हैं।
अधिकारियों का अनुमान है कि पाकिस्तान के करीब 150 से अधिक मछुआरे भारतीय जेलों में बंद हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications