वीडियो गेम बढ़ा सकता है मनुष्य की रचनात्मकता
टोरंटो, 24 मई (आईएएनएस)। वीडियो गेम जहां एक ओर लोगों को अधिक ऊर्जा और सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करता है वहीं वह उनकी रचनात्मकता को भी बढ़ाता है। यह बात एक नए अध्ययन में सामने आई है।
पेन स्टेट विश्वविद्यालय में भारतीय मूल के अमेरिकी एस.श्यामसुंदर के नेतृत्व में शोधकर्ताओं की टीम ने पाया कि वीडियो गेम खेलने के बाद लोगों के व्यवहार और दृष्टिकोण में काफी सकारात्मक परिवर्तन आता है।
शोधकर्ताओं ने अध्ययन के दौरान 98 ऐसे युवाओं को वीडियो गेम खेलने के लिए कहा जो बहुत निराश और थके-हारे दिखाई दे रहे थे।
शोधकर्ता श्यामसुंदर ने बताया, "हमने उनमें आश्चर्यजनक रूप से परिवर्तन देखा। वीडियो गेम खेलने के बाद उनके व्यवहार और उनके सोच में बहुत परिवर्तन दिखाई दिया।"
उन्होंने बताया कि निराश और दुखी स्वभाव के लोगों में वीडियो गेम खेलने के बाद ज्यादा ऊर्जा, खुशमिजाजी और रचनात्मकता देखी गई।
शोधकर्ताओं ने बताया कि वीडियो गेम सिर्फ अकेले खेलने वाली तकनीक ही नहीं है बल्कि यह मनुष्यों की निर्णय क्षमता, विश्लेषण क्षमता, रचनात्मकता और सीखने की प्रवृत्ति को बढ़ाने में भी सहायक होती है।
शोधकर्ताओं के अध्ययन के निष्कर्ष मांट्रियल में 'इंटरनेशनल कम्युनिकेशन एसोसिएशन' के 58 वार्षिक सम्मेलन में प्रस्तुत किए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications