उत्तर भारत में तापमान में वृद्धि, पूर्वोत्तर में बारिश के आसार
नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। उत्तर भारत में आज तापमान में कुछ वृद्धि दर्ज की गई। राजधानी दिल्ली में भी तापमान कल की अपेक्षा कुछ अधिक रहा। अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर भारत में वर्षा में कमी आ सकती है। आज देश का अधिकतम तापमान महाराष्ट्र के नागपुर में 44.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अरब सागर के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के उत्तर-पश्चिमी दिशा की ओर बढ़ने के आसार हैं। उधर जम्मू-कश्मीर के ऊपर बने चक्रवात के हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार में फैलने के आसार हैं। गंगा के मैदानी इलाकों में इस कारण अगले दो दिन में हल्की बारिश हो सकती है जो बाद में धीमी पड़ती जाएगी।
देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों के अगले 48 घंटों के बारे में अनुमान है कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड अनेक स्थानों पर आंधी चल सकती है और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। जम्मू-कश्मीर में भी कुछ स्थानों पर बरसात हो सकती है। राजधानी दिल्ली में आज का अधिकतम तापमान 33.5 और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
देश के पूर्वी क्षेत्रों में पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तरी उड़ीसा और बिहार में भी अगले 48 घंटों के दौरान अनेक स्थानों पर बरसात की संभावना है। बाद में इसके धीमे पड़ने के आसार हैं। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और अन्य पूर्वोत्तर क्षेत्रों में भी अनेक स्थानों पर बरसात हो सकती है।
पूर्वी राजस्थान, कोंकण-गोवा और दक्षिणी-मध्य महाराष्ट्र के कुछ स्थानों पर और पश्चिमी राजस्थान में छिटपुट बरसात हो सकती है। उधर उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों पर और छत्तीसगढ़ और दक्षिणी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं बरसात की संभावना है।
दक्षिणी क्षेत्रों तटवर्ती कर्नाटक और लक्षद्वीप में अनेक स्थानों पर बारिश के आसार हैं। दक्षिण कर्नाटक और केरल में अगले 48 घंटों के दौरान बरसात होगी जो बाद में कम हो सकती है। शेष स्थानों पर हल्की बरसात के आसार हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications