कोइराला ने प्रचंड से नई सरकार बनाने को कहा
काठमांडू , 24 मई (आईएएनएस)। नेपाल के प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला ने शनिवार को औपचारिक रूप से माओवादी नेता प्रचंड को नई सरकार के गठन के लिए पहल करने को कहा है।
नेपाली कांग्रेस (एनसी) के उपाध्यक्ष और शांति मंत्री रामचंद्र पोडेल ने संवाददाताओं को बताया, "राष्ट्र प्रमुख के रूप में कार्य कर रहे प्रधानमंत्री ने पुष्प कुमार दहाल प्रचंड को संविधान के अनुसार नई सरकार के निर्माण के लिए पहल करने को कहा है।"
पोडेल ने कहा कि प्रधानमंत्री के बालूवतार स्थित सरकारी निवास पर तीन प्रमुख पार्टियों नेपाली कांग्रेस, माओवादी पार्टी और नेपाल की एकीकृत कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी- लेनिनवादी (यूएमएल) के नेताओं के बीच वार्ता के दौरान कोइराला ने प्रचंड को यह प्रस्ताव दिया।
एक समाचार वेबसाइट नेपालन्यूज डाटकाम के अनुसार बैठक नई सरकार के गठन, अंतरिम संविधान में संसोधन, संविधान सभा के 26 सदस्यों का मनोनयन और एक औपचारिक राष्ट्रपति की नियुक्ति पर केंद्रित थी। लेकिन किसी भी मामले पर निर्णय नहीं लिया जा सका।
इन मामलों पर चर्चा करने के लिए अगले दौर की बैठक रविवार सुबह बालूवतार में होगी। पोडेल ने कहा कि अगली बैठक में माओवादी नेता प्रचंड संयुक्त सरकार के गठन की रूपरेखा प्रस्तुत कर सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications