राजस्थान में फिर भड़का गुज्जर आंदोलन, 5 मरे (लीड)
जयपुर, 23 मई (आईएएनएस)। राजस्थान में गुज्जर समुदाय ने अनुसूचित जनजाति के दर्जे के लिए एक बार फिर से प्रदर्शन शुरू कर दिया है। आज भरतपुर जिले के बयाना जिले में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प में एक पुलिसकर्मी समेत पांच लोगों की मौत हो गई।
राज्य के गृह मंत्री जी. सी. कटारिया ने एक पुलिसकर्मी समेत पांच लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि हिंसक भीड़ द्वारा एक पुलिसकर्मी को पीट-पीटकर मार देने के बाद पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें चार लोग मारे गए। कटारिया ने स्थिति की समीक्षा करने के लिए राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों समेत पुलिस अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई है।
'गुज्जर संघर्ष आरक्षण समिति' के नेतृत्व में राज्य में गुज्जर समुदाय आंदोलन चला रहे हैं। भरतपुर जिले के बवाना में इन लोगों ने आज रेलवे यातायात में बाधा पहुंचाने की कोशिश की। क्षेत्र में स्थिति पर नियंत्रण करने के लिए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी थी।
सरकार ने गुज्जर बहुल चार जिलों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। भरतपुर के मंडल आयुक्त निरंजन आर्य ने आईएएनएस से कहा, "हमने भरतपुर, सवाई माधोपुर, करोली और दौसा में धारा 144 लागू कर दी गई है। सामूहिक बैठकों में किसी भी व्यक्ति को हथियार लेकर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। संवेदनशील इलाके में राजस्थान सशस्त्र बल और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को तैनात किया गया है।"
गौरतलब है कि पुलिस ने ऐहतियात बरतते हुए गुज्जर समुदाय के 200 से अधिक सदस्यों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद आज सुबह से ही प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के विरूद्ध प्रदर्शन शुरू कर दिए थे। पुलिस फिलहाल गुज्जर संघर्ष समिति के प्रमुख के. एस. बैंसला को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications