बिहार में बदलेगा स्कूली शिक्षा का पाठ्यक्रम
पटना, 23 मई (आईएएनएस)। अगले वर्ष से बिहार के स्कूली शिक्षा का पाठ्यक्रम पूरी तरह बदल जाएगा। अब यहां के छात्रों को पाठ्य पुस्तकों के जरिए ग्रामीण परिवेश से लेकर यहां की संस्कृति से अवगत कराया जाएगा। राज्य शिक्षा शोध व प्रशिक्षण परिषद (एससीइआरटी) ने पहली से बारहवीं कक्षा तक के लिए पाठ्यक्रम, पाठ्यचर्या और किताबों के प्रारूप तैयार कर सरकार को सौंप दी है।
मानव संसाधन विभाग के प्रधान सचिव अंजनी कुमार सिंह का कहना है कि नई पाठ्यचर्या को लेकर राज्य सरकार काफी आशान्वित है। इस दिशा में अब बहुत कम काम बचा है। विभागीय औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद राज्य में नया पाठ्यक्रम लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नई पाठ्य पुस्तकों द्वारा दी जाने वाली शिक्षा में छात्रों की व्यक्तिगत क्षमताओं की पहचान व चौतरफो विकास पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
इधर, मानव संसाधन विकास विभाग के माध्यमिक शिक्षा निदेशक कमलेश्वर प्रसाद सिंह का कहना है कि नए पाठ्यक्रम में वस्तुनिष्ठ प्रश्नों का अधिक समावेश किया जाएगा। इससे बिहार के छात्रों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रश्न हल करने में आसानी होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नया पाठ्यक्रम केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के पाठ्यक्रम के समकक्ष होगा। उन्होंने कहा कि नए पाठ्यक्रम के लक्ष्यों को हासिल करने के लिये शिक्षकों को भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2006 से ही राज्य की स्कूली शिक्षा में आमूल परिवर्तन लाने के लिए पाठ्यचर्या समिति जुटी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications