राजस्थान में हुई हिंसा दुर्भाग्यपूर्ण : राजनाथ
नई दिल्ली, 23 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने राजस्थान में हुई हिंसा पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने इस घटना में मारे गए सभी व्यक्तियों के परिवारों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।
राजस्थान में उत्पन्न हुई मौजूदा स्थिति पर विचार-विमर्श करने के लिए भाजपा अध्यक्ष के निवास पर पार्टी महासचिवों और कोर ग्रुप के सदस्यों की एक बैठक हुई। बैठक में राजस्थान की मौजूदा स्थिति से निबटने और उसका हल निकालने पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
राजनाथ ने राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया से फोन पर बातचीत की और मौजूदा हालातों पर चर्चा की। बातचीत के क्रम में मुख्यमंत्री ने पार्टी अध्यक्ष को बताया कि तत्काल प्रभाव से घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
बैठक में उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं ने राजस्थान में समाज के सभी वर्गो से इस संवेदनशील परिस्थिति में संयम बरतने की अपील की।
बैठक में राज्य सभा में विपक्ष के नेता जसवंत सिंह, लोकसभा में भाजपा संसदीय दल के उपनेता विजय कुमार मल्होत्रा समेत महासचिवों में सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, थावरचंद गहलोत, रामलाल और विजय गोयल उपस्थित थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications