बांग्लादेश की दो पूर्व प्रधानमंत्रियों पर मामले की सुनवाई अगले हफ्ते से (लीड-1)
ढाका, 23 मई (आईएएनएस)। कई महीनों से जेल में बंद बांग्लादेश की दो पूर्व प्रधानमंत्रियों खालिदा जिया और शेख हसीना पर भ्रष्टाचार से संबंधित मुकदमे पर सुनवाई अगले हफ्ते से शुरु होगी।
दोनों प्रधानमंत्रियों पर कनाडा की एक कंपनी के साथ हुए तेल सौदे में भ्रष्टाचार का आरोप है। भ्रष्टाचार निरोधक आयोग ने आरोप लगाया है कि अवामी लीग की शेख हसीना ने 1996-2001 के बीच और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की जिया ने 2001-2006 के दौरान निको रिसोर्सेज के साथ तेल सौदे में घपला किया है।
दोनों पूर्व प्रधानमंत्रियों पर मुकदमे की सुनवाई आगामी सोमवार से शुरू होगी। 'न्यू एज' अखबार में छपी रिपोर्ट के अनुसार जिया के बड़े बेटे तारिक रहमान पर भ्रष्टाचार के मामले की सुनवाई अगले हफ्ते से प्रारंभ होगी।
उधर, कार्यवाहक सरकार ने आगामी दिसंबर में संसदीय चुनावों की संभावनाओं को देखते हुए राजनीतिक दलों से बातचीत शुरू कर दी है। लेकिन इसमें बीएनपी और अवामी लीग ने भाग लेने से यह कहते हुए इंकार कर दिया है कि उनके नेताओं की रिहाई के बाद ही बातचीत में शामिल हुआ जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications