हेरिटेज होटलों में तब्दील हो सकते हैं मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक महल
भोपाल, 23 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के एक दर्जन से अधिक रियासतों के पूर्व शासकों ने अपने अपने महलों को हेरिटेज होटल में तब्दील करने की इच्छा जताई है। प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा आयोजित 'बायर्स-सेलर्स सम्मेलन' में पूर्व शासकों ने इस तरह की इच्छा जताई।
सम्मेलन में मध्य प्रदेश के पर्यटन राज्य मंत्री तुकोजी राव पवार ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन की संभावनाओं का पूरा दोहन किया जाएगा ताकि इस क्षेत्र में मध्य प्रदेश को अग्रणी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि राजस्थान और गुजरात समेत कई प्रदेश पर्यटन में आगे होने का दावा करते हैं, लेकिन पूर्व में मिले राष्ट्रीय पुरस्कारों से यह स्पष्ट को गया है कि पर्यटन के मामले में मध्य प्रदेश भी पीछे नहीं है।
पर्यटन राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में किले, गढ़ी और महल हैं जिन्हें हेरिटेज होटलों में तब्दील किया जा सकता है। विभिन्न रियासतों के पूर्व शासक इन भवनों को इसके लिए बेचने तथा लीज पर देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने खरीदारों और निवेशकों से इन भवनों को हेरिटेज होटल में तब्दील करने का अनुरोध भी किया।
इस मौके पर 15 रियासतों के पूर्व शासकों ने अपनी अपनी संपत्ति का ब्यौरा दिया। पर्यटन सचिव इकबाल सिंह वैश्य और मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक अश्विनी लोहानी ने पर्यटन विकास की दिशा में चल रहे प्रयासों की चर्चा की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications