मलेशिया, भारत जल्द श्रम समझौता करेंगे
कुआलालंपुर, 23 मई (आईएएनएस)। मलेशिया में भारतीय कामगारों की भर्ती और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए मलेशिया और भारत शीघ्र एक समझौता (एमओयू) करेंगे। भारत के संचार एवं प्रौद्योगिकी मंत्री ए. राजा की मलेशिया यात्रा के बाद इसकी सूचना दी गई है।
मलेशिया के मानव संसाधन विकास मंत्री एस. सुब्रमण्यम ने कहा कि समझौते को भारत की मंजूरी मिल चुकी है और मलेशियाई मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलनी बाकी है।
समाचार पत्र 'नंबन' के अनुसार भारत से कर्मचारियों को भर्ती करने के लिए मलेशिया चेन्नई में एक श्रम अधिकारी को नियुक्त करेगा।
सुब्रमण्यम के अनुसार उन्होंने भारत को आश्वासन दिया है कि उसके नागरिकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। इस समझौते से अधिकांशत: अर्धप्रशिक्षित अथवा अप्रशिक्षित कामगारों को लाभ होगा।
उल्लेखनीय है कि मलेशिया में भारत के अनेक सूचना-प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ काम करते हैं। मलेशिया को अपनी अर्थव्यवस्था के भिन्न क्षेत्रों के विकास के लिए विदेशी पेशेवरों की जरूरत पड़ती है।
सुब्रमण्यम के अनुसार भारतीय कामगारों के प्रशिक्षण के लिए मलेशिया और भारत के प्रशिक्षण संस्थानों के बीच भी संपर्क स्थापित किए जाएंगे। इस व्यवस्था के बाद मलेशिया भारत से केवल प्रशिक्षित कामगारों को ही अपने यहां जगह देगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications