राजस्थान में पुलिस और गुज्जरों के बीच हिंसा, 12 मरे (लीड)
जयपुर, 23 मई (आईएएनएस)। राजस्थान के भरतपुर जिले में आज पुलिस और गुज्जरों के बीच हुई हिंसक झड़प में 12 लोगों के मारे जाने की आशंका है। राज्य के गुज्जर समुदाय के लोग अनुसूचित जनजाति की श्रेणी में शामिल किए जाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
राज्य के गृह मंत्री जी.सी. कटारिया ने हलांकि एक पुलिस जवान समेत पांच लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है, लेकिन उन्होंने कहा, "गुज्जरों का कहना है कि उनके कब्जे में सात और शव हैं। हम उनके दावे की पुष्टि करने की कोशिश कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा पुलिस ने गुज्जरों की अनियंत्रित भीड़ पर तब गोली चलाई जब उन्होंने पुलिस के एक जवान को पकड़ लिया और रेल की पटरी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
कटारिया ने कहा, "फिलहाल मृतकों की वास्तविक संख्या के बारे में कोई जानकारी नहीं है। शुरुआत में आंसू गैस और रबर की गोलियों के बल पर हम भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन इसके बाद भी भीड़ बेकाबू रही तो अंतत: गोली चलानी पड़ी।"
बयाना में हिंसक भीड़ पर पुलिस द्वारा गोली चलाए जाने से कम से कम चार लोग मारे गए। भीड़ पुलिस की वाहनों में आग लगाने की कोशिश कर रही थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications