आतंकवादी हमले की आशंका, ताजमहल की सुरक्षा कड़ी
आगरा, 23 मई (आईएएनएस)। आगरा, अलीगढ़ और मथुरा में संभावित आतंकवादी हमलों की खुफिया सूचना को देखते हुए आज पुलिस ने ताजमहल और आगरा के किले में सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी कर दी। इस बीच शहर के विभिन्न इलाकों में तलाशी अभियान भी चलाए गए।
गुरुवार की रात पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान प्रारंभ किया। बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर चौकसी बढ़ाने के साथ-साथ बम निरोधक दस्ते तैनात कर दिए गए। हाल ही में जयपुर में हुए बम विस्फोटों में साइकिल का इस्तेमाल किए जाने के बाद पुलिस साइकिल चालकों पर खास निगाह रखे हुए है।
इससे पहले खुफिया सूत्रों ने जानकारी दी थी कि एक महिला सहित आतंकवादियों का एक समूह देहरादून से आगरा के लिए चला है।
आगरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहित अग्रवाल ने कल शाम संवाददाताओं को बताया कि जब तक तलाशी पूरी नहीं हो जाती ताजमहल की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले अलीगढ़ के रेल सुरक्षा कार्यालय को एक आतंकवादी संगठन गुरु-ए-हिंद से धमकी भरा पत्र मिला था जिसमें कहा गया था कि वह अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, ताजमहल और आगरा के किले सहित मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि को निशाना बनाएगा। इसके अलावा रेलों और रेलवे स्टेशनों पर भी हमले करने की बात कही गई थी।
ताजमहल शुक्रवार को दर्शकों के लिए तो बंद रहता है लेकिन दोपहर में नमाज के लिए यह दो घंटे के लिए खोला जाता है। ये दो घंटे सुरक्षा बलों के लिए कठिन परीक्षा वाले होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications