योजना आयोग 'सुपर कैबिनेट' की तरह काम कर रहा : वामदल
नई दिल्ली, 23 मई (आईएएनएस)। प्रमुख विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नजरों में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी यदि 'सुपर प्रधानमंत्री' हैं तो वामपंथी दलों की नजरों में योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया 'सुपर कैबिनेट' हैं।
कांग्रेसनीत केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के चार वर्षो के कार्यकाल का लेखा-जोखा तैयार करने के लिए आज संपन्न हुई वामपंथी दलों की बैठक में अहलूवालिया वामदलों के निशाने पर आ गए।
वामदलों का कहना है कि अहलूवालिया के दिशानिर्देश में योजना आयोग सुपर कैबिनेट की तर्ज पर बर्ताव कर रहा है। भाकपा महासचिव ए. बी. वर्धन ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संप्रग सरकार ने वामपंथी दलों से वादा किया था कि देश के 35 गैर-मेट्रो हवाई अड्डों के आधुनिकीकरण का काम भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को दिया जाएगा लेकिन योजना आयोग अब इन सभी हवाई अड्डों के व्यावसायिक परिचालन और टर्मिनल निर्माण का काम निजी कंपनियों के हाथों में देकर सरकार के फैसले को पलटने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक-निजी साझेदारी के नाम पर योजना आयोग निजीकरण को बढ़ावा देने पर आमादा है। पहले भी रेलवे फ्रेट कॉरिडोर मामले में उसने निजी क्षेत्र को भागीदार बनाए जाने का प्रयास किया था।
वामदलों ने यह भी कहा कि योजना आयोग की उच्चस्तरीय समिति की सिफारिशों के मद्देनजर केंद्र सरकार अब खनन क्षेत्र के काम में भी निजी कंपनियों को बढ़ावा देने का काम शुरू किया है। उन्होंने चेतावनी दी वामपंथी दल सरकार के इस कदम का विरोध करेंगे।
इससे पहले, वामपंथी दलों ने बढ़ती महंगाई और कृषि संकट के लिए संप्रग सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया और उसे इस मोर्चे पर विफल करार दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications