चीन में भूकंप : मृतकों की संख्या 56 हजार के करीब
बीजिंग, 23 मई (आईएएनएस)। चीन में पिछले हफ्ते आए विनाशकारी भूकंप में मृतकों की संख्या बढ़कर 56 हजार के करीब पहुंच गई है। अभी भी 29 हजार से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं।
चीन के दक्षिण पश्चिम प्रांत सिचुआन और उसके पड़ोस में स्थित 577 इलाकों में 12 मई को आए विनाशकारी भूकंप से भारी तबाही मची थी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार गुरुवार शाम तक मृतकों की संख्या 55,239 थी।
सिचुआन के उप गर्वनर ली चेंगयुन ने शुक्रवार को इस संबंध में जानकारी दी। प्रांतीय सरकार के अनुसार मलबों से लगभग 84 हजार लोगों को निकाला जा चुका है।
गौरतलब है कि रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता आठ मापी गई थी, जिसमें 281,066 लोग घायल हुए थे और 24,949 लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों के बारे में पूछे गए सवाल पर आपदा राहत विभाग के प्रवक्ता ने कहा, "लापता हम उन्हें मानते हैं जो मिल नहीं पाते हैं या फिर जिनका शव हमें नहीं मिल पाता है।"
प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ शुक्रवार को दूसरी बार सिचुआन प्रांत का दौरा कर रहे हैं। गौरतलब है कि यह क्षेत्र भूकंप से सबसे अधिक प्रभावित हुआ था। सिचुआन स्थित तांगजियासान में भूकंप के बाद भूस्खलन की हो रही घटनाओं के कारण इलाके से लोगों को हटाया जा रहा है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार प्रभाविक इलाकों में युद्धस्तर पर राहत कार्य चलाए जा रहे हैं। प्रांतीय उप गर्वनर चेंगयुन ने कहा कि दो लाख से अधिक स्वयंसेवक इन इलाकों में राहत कार्यो में जुटे हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications