अमेरिका ने पाकिस्तान को बख्तरबंद वाहनों की बिक्री रोकी
इस्लामाबाद , 23 मई (आईएएनएस)। अमेरिका ने पाकिस्तान की नई सरकार द्वारा उत्तर-पश्चिम कबाइली इलाके में तालिबानी विद्रोहियों के साथ शांति वार्ता करने से नाराज होकर जर्मन कंपनी द्वारा पाक सेना को 800 बख्तरबंद वाहनों की बिक्री पर रोक लगा दी है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने इसके पहले बख्तरबंद वाहनों की बिक्री को मंजूरी दी थी, जो लाइसेंस के तहत जर्मनी में बनाए जाने थे।
समाचारों के अनुसार अमेरिकी निर्णय में इस आकस्मिक परिवर्तन का कारण पाकिस्तानी सेना पर दबाव डालना है कि वह तालिबानी तत्वों के साथ सरकार की शांति वार्ता का विरोध करे।
बख्तरबंद वाहनों की खरीद का सौदा इससे पहले भी राष्ट्रपति मुशर्रफ द्वारा आपातकाल लागू करने के बाद यूरोपीय संघ के विरोध के कारण रोक दिया गया था।
यूरोपीय संघ का प्रतिबंध पाकिस्तान में नई नागरिक सरकार के गठन के बाद हटा लिया गया था और जर्मन कंपनी ने बख्तरबंद वाहनों की आपूर्ति की तैयारी शुरू की तभी अमेरिकी विदेश विभाग ने इसमें अड़ंगा लगा दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications