पाकिस्तान ने 96 भारतीय मछुआरों को रिहा किया
इस्लामाबाद , 23 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने शुक्रवार को 96 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया है। गौरतलब है कि दो दिन पूर्व ही भारत-पाकिस्तान ने जेलों में बंद कैदियों से राजनयिकों को मुलाकात करने की सुविधा देने के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि मछुआरों को कराची में जेल से रिहा किया गया है और शनिवार को वाघा सीमा पर इनको भारतीय अधिकारियों के सुपुर्द किया जाएगा।
भारतीय अधिकारियों ने मुक्त किए गए मछुआरों की नागरिकता की पुष्टि कर दी है। इनके साथ ही तीन अन्य भारतीय नागरिकों को भी रिहा किया गया है, जो उनके साथ ही भारतीय अधिकारियों के हवाले किए जाएंगे।
पाकिस्तान के आतंरिक मंत्रालय ने 20 मई को कहा था कि भारतीय विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी की 19-20 मई की इस्लामाबाद यात्रा के अवसर पर सौहार्द प्रदर्शित करने के लिए इन मछुआरों को रिहा किया जाएगा।
दोनों देशों के मछुआरे समुद्री सीमा के स्पष्ट सीमांकन नहीं होने के कारण अक्सर एक-दूसरे देश की जल सीमा में प्रवेश कर जाते हैं। इन मछुआरों को रिहा होने के पूर्व बिना किसी अपराध के कई महीने जेल में बिताने पड़ते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications