पेट्रोलियम पदार्थो की कीमतों में हो सकता है इजाफा
नई दिल्ली, 23 मई (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों के 135 डालर प्रति बैरल का आंकड़ा पार कर जाने के बाद सरकार पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें बढ़ाने की योजना बना रही है।
आज इस विषय पर चर्चा के लिए होने वाली मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक से पहले पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा ने आईएएनएस से कहा, "मैं किसी बात से इंकार नहीं कर रहा हूं।"
उन्होंने कहा कि वह इस विषय पर अपने विचार प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पहले ही बता चुके हैं।
मंत्री ने बताया कि अभी भी पेट्रोल 16.34 रुपये प्रति लीटर, डीजल 23.49 रुपये प्रति लीटर और घरेलू गैस 305.90 प्रति सिलेंडर तथा केरोसीन 28.72 रुपये प्रति लीटर के नुकसान पर उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराया जा रहा है।
देवड़ा ने कहा, "सरकार और तेल क्षेत्र की सार्वजनिक कंपनियों ने उपभोक्ताओं पर भार डाले बिना विश्व में तेल की कीमतों में हो रहे इजाफे का झटका खुद सहन कर लिया है। हम इन कंपनियों की हालत को लेकर चिंतित हैं।"
गौरतलब है कि देवड़ा की सरकारी तेल कंपनियों के साथ एक बैठक भी होने वाली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications