चार वर्षो बाद सामने आए कादीर खान
इस्लामाबाद, 22 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान में परमाणु कार्यक्रमों के जनक कहे जाने वाले नजरबंद वैज्ञानिक अब्दुल कदीर खान चार वर्षो के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आए हैं।
देश में ऊर्जा की स्थिति में सुधार लाने के लिए उन्होंने बुधवार को कड़ी सुरक्षा इंतजामों के बीच इस्लामाद स्थित विज्ञान अकादमी का दौरा किया।
पाकिस्तानी समाचार पत्र 'डॉन' ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि खान को परमाणु ऊर्जा उत्पादन में सहयोग करने की अनुमति दी गई है।
गौरतलब है कि पिछले साल राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने खान से कहा था कि देश में चल रही ऊर्जा संकट से उबारने में वह सरकार की मदद करें, लेकिन वह तैयार नहीं हुए थे।
समाचार पत्र 'डॉन' के अनुसार नई गठबंधन सरकार को सहायता प्रदान के लिए खान तैयार हो गए हैं। सूत्रों के अनुसार देश में परमाणु हथियारों के निर्माण के लिए यूरोनियम को 95 फीसदी संवर्धित करने की आवश्यकता होती है जबकि ऊर्जा उत्पादन के लिए केवल पांच फीसदी की आवश्यकता होती है।
विज्ञान अकादमी के दौरे में खान ने अपने कई पुराने सहयोगियों से मुलाकात की। देश की मौजूदा स्थिति पर भी उन्होंने चर्चा की। उनकी सुरक्षा में 'स्ट्रेजिक कमांड फोर्स' (एससीएफ) के जवान तैनात थे।
गौरतलब है कि लीबिया, उत्तर कोरिया और ईरान को परमाणु प्रौद्योगिकी उपलब्ध कराने के आरोप में खान को 31 जनवरी 2004 को गिरफ्तार किया गया था। खान ने बाद में सार्वजनिक रूप से अपने अपराध को स्वीकार किया था, जिसके बाद उन्हें उनके घर में ही नजरबंद कर दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications