आतंकवादियों के साथ दोस्ताना व्यवहार कर रही है संप्रग सरकार : भाजपा
नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। सत्ताधारी संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) का नेतृत्व कर रही कांग्रेस और प्रमुख विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच आतंकवाद के मुद्दे पर चल रही बयानबाजी का दौर खत्म होता नहीं दिख रहा है।
कांग्रेस पर अब तक आतंकवाद के प्रति नरम रूख अख्तियार करने का आरोप लगाती आ रही भाजपा ने आज अपने तेवर और भी कड़े कर लिए। भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा, "संप्रग सरकार तो अब आतंकवादियों के साथ दोस्ताना व्यवहार कर रही है। यही नहीं अभी तक आतंकवाद के नाम पर वोट बैंक की राजनीति कर रही कांग्रेस अब राष्ट्र विरोधी राजनीति करने लगी है।"
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल द्वारा बुधवार को लातूर में अफजल गुरु व सरबजीत सिंह के संबंध में दिए गए बयान की तीखी भर्त्सना की। उन्होंने कहा कि पाटिल के इस बयान ने भारत के आंतरिक मसले पर, वह भी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषय पर पाकिस्तान को बोलने का एक मौका दे दिया है।
उन्होंने कहा कि यह बयान देकर गृह मंत्री ने कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति को अब राष्ट्र विरोधी दिशा में मोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसा कहकर पाटिल ने जहां एक तरफ अफजल गुरु का बचाव किया है वहीं उन्होंने सरबजीत की फांसी टालने संबंधी अपनी ही सरकार की याचिका पर सवाल खड़ा कर दिया है।
पाटिल ने गुरुवार को लातूर में कहा था कि भारत सरकार जब पाक में मौत की सजा सुनाए जा चुके सरबजीत के लिए क्षमा याचना पर जोर दे रही है तो ऐसे में संसद पर हमले के दोषी ठहराए गए अफजल गुरु को फांसी देने की मांग कैसे की जा सकती है।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान की राजधानी जयपुर में हुए आतंकवादी विस्फोटों के बाद आतंरिक सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा के बीच तीखी बयानबाजी का दौर चल रहा है।
भाजपा महासचिव अरुण जेटली ने तो आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की प्रतिबद्धता पर ही सवाल खड़े कर दिए थे। इसके बाद कांग्रेस ने पलटवार करते हुए भाजपा नेता के बयान को आतंकवादियों को प्रोत्साहन देने वाले बताया था। कांग्रेस ने भाजपा से इस बयान के लिए माफी मांगने की भी बात कही थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications